सरायकेला : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं से कथित ठगी करने के आरोप में झारखंड पुलिस के एक हवलदार को हिरासत में लिया गया है। ग्रामीणों की सतर्कता और सूचना पर पुलिस ने आरोपी को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं को JSSC की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाने तथा सरकारी नौकरी सुनिश्चित कराने का भरोसा देकर उनसे मोटी रकम की मांग कर रहा था। उसकी गतिविधियों पर संदेह होने के बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।

पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान सुशील कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में वह झारखंड पुलिस के इंडिया रिजर्व बटालियन (IRB-03), चतरा में हवलदार के पद पर पदस्थापित पाया गया है। वर्तमान में उसकी प्रतिनियुक्ति JRAF-05, IRB-2 चाईबासा कैंप, मुसाबनी में बताई जा रही है। उसका मूल निवास हजारीबाग जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित सिलवार गांव है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी ने अब तक कितने अभ्यर्थियों से संपर्क किया, किन-किन लोगों से कथित रूप से धनराशि की मांग या वसूली की गई और इस पूरे नेटवर्क में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। पुलिस संभावित पीड़ितों की पहचान करने के साथ-साथ उपलब्ध दस्तावेजों, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के प्रत्येक पहलू की गहन जांच की जा रही है। जांच में प्राप्त तथ्यों, शिकायतों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।

