जमशेदपुर : जुगसलाई पुलिस ने एक व्यक्ति की हत्या की कथित साजिश का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर आजाद खटाल मैदान की झाड़ियों से दो भारी धारदार लोहे के हथियार और एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, घाघीडीह जेल में बंद मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ के गिरोह द्वारा जुगसलाई के पहलवानडेरा निवासी मो. निजाम की हत्या कराने की कथित साजिश रचे जाने की सूचना मिली थी। निजाम ने 19 सितंबर को पुलिस को शिकायत देते हुए आरोप लगाया था कि खुर्शीद उर्फ भाकुड़ अपने गिरोह के सदस्यों के माध्यम से उसकी हत्या कराने का प्रयास कर रहा है. सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद दोनों की निशानदेही पर आजाद खटाल मैदान की झाड़ियों में छिपाकर रखे गए दो भारी धारदार लोहे के हथियार और एक देसी कट्टा बरामद किया गया. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर कथित हत्या की साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल किसी आपराधिक वारदात में किया गया था या नहीं।
