जमशेदपुर : युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता के रूप में गिरफ्तार अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव को बेहतर इलाज एवं जांच के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर किया गया है। बताया जाता है कि राघव पिछले कई दिनों से सरायकेला सदर अस्पताल में इलाजरत था। मेडिकल बोर्ड की अनुशंसा के बाद उसे एमजीएम भेजा गया।

सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. पीएम बाड़ा के अनुसार, जेल में तबीयत बिगड़ने के बाद राघव को 12 सितंबर को सदर अस्पताल लाया गया था। यहां उसकी चिकित्सीय जांच कराई गई, लेकिन बीमारी की स्थिति का स्पष्ट आकलन नहीं हो सका। इसके बाद मेडिकल बोर्ड ने बेहतर जांच के लिए उसे एमजीएम रेफर करने का निर्णय लिया। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे एमजीएम भेज दिया गया।
बताया गया कि निखार सबलोक हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस पूछताछ के बीच 29 अगस्त को राघव की तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद पुलिस उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए टीएमएच रेफर किया था। इलाज के बाद टीएमएच से छुट्टी मिलने पर पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में सरायकेला जेल भेज दिया था. अब दोबारा तबीयत से जुड़ी परेशानी सामने आने के बाद मेडिकल बोर्ड की अनुशंसा पर राघव को एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया है। मामले में आगे की चिकित्सीय जांच एवं पुलिस कार्रवाई जारी है।
