कुकड़ू : Seraikela-Kharsawan district के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त तेवर दिखाते हुए सोमवार को जोरदार छापेमारी अभियान चलाया। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन विभाग और Tiruldih Police Station की संयुक्त टीम ने तिरुलडीह थाना क्षेत्र के तिरुलडीह, सिरकाडीह, सापदा और सपारूम बालू घाटों पर औचक निरीक्षण किया।
सपारूम घाट से 38 हजार घनफीट अवैध बालू बरामद…..
छापेमारी के दौरान सपारूम घाट के पास अवैध रूप से जमा करीब 38 हजार घनफीट बालू बरामद किया गया। टीम ने मौके पर ही पूरे खनिज को जब्त कर लिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब्त बालू के संबंध में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
टायर के निशान मिले, रास्ते पर बने ट्रेंच…….
निरीक्षण के दौरान घाटों पर तत्काल अवैध उत्खनन नहीं मिला, लेकिन तिरुलडीह और सिरकाडीह घाटों पर भारी वाहनों के टायर के निशान पाए गए। इससे पूर्व में अवैध परिवहन की आशंका जताई गई। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर संभावित मार्गों पर कई जगह अवरोध गर्त (ट्रेंच) बनाकर रास्तों को बाधित कर दिया गया है, ताकि भविष्य में बालू माफियाओं की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
“अवैध खनन किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं”…….
उपायुक्त ने दो टूक कहा है कि जिले में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण और परिवहन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने संकेत दिया है कि इस तरह के अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे. प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है और इलाके में स्पष्ट संदेश गया है कि अब खनन माफियाओं की खैर नहीं।
