जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के जेंको मछुआ बस्ती में शनिवार देर रात डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। मिली जानकारी के अनुसार, बस्ती में देर रात डीजे बजाया जा रहा था, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बंद करा दिया। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर तनाव बढ़ गया।


आरोप है कि मनोज नाग के परिवार द्वारा पुलिस में शिकायत किए जाने से नाराज होकर बबलू मछुआ, व्यंकटेश नायडू, रिंकू मछुआ और कृष्णा मछुआ समेत अन्य लोगों ने मनोज नाग पर चापड़, चाकू और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची सुनीता देवी और छोटू नाग को भी आरोपियों ने निशाना बनाया, जिसमें छोटू नाग गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायलों को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए टीएमएच (टाटा मेन हॉस्पिटल) रेफर कर दिया गया. घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल व्याप्त है।

