एमजीएम थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पुड़िया बनाकर हो रही थी गांजा की बिक्री, आरोपी पहले भी जा चुका है जेल
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साधु के भेष में गांजा तस्करी का धंधा चला रहे मुख्य सप्लायर समेत दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 7 किलो 800 ग्राम गांजा, गांजा पैक करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, दो मोबाइल फोन तथा बिक्री के 8,900 रुपये (3,060 रुपये + 5,840 रुपये) नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक का पहले से भी एनडीपीएस एक्ट के तहत आपराधिक इतिहास रहा है।

पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई की शाम वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि सिमुलडांगा (देवघर) एनएच-33 स्थित काली मंदिर के समीप एक गुमटी में गांजा छिपाकर छोटे-छोटे पैकेट बनाकर बेचा जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन में पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार तथा एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
पहले ग्राहक तक पहुंची पुलिस, फिर दबोचा मुख्य सप्लायर……
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से रोशन कुमार (21) को हिरासत में लिया। तलाशी में उसके पास से 130 ग्राम गांजा, गांजा से भरी सिगरेटनुमा 60 रोल, गांजा पैक करने की सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन तथा बिक्री के 3,060 रुपये बरामद हुए. पूछताछ में रोशन कुमार ने खुलासा किया कि वह हर सप्ताह दो से तीन बार बोड़ाम थाना क्षेत्र के जोबा गांव निवासी शंभु महतो उर्फ साधु (62) से गांजा खरीदकर लाता था और शहर में पुड़िया बनाकर बेचता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने शनिवार को जोबा गांव स्थित साधु के घर में छापेमारी की।
घर से मिला भारी मात्रा में गांजा और बीज…..
शंभु महतो उर्फ साधु के घर की तलाशी में अलग-अलग पैकेटों में रखा 7.670 किलोग्राम गांजा, गांजा के बीज, बिक्री के 5,840 रुपये नकद तथा अन्य सामान बरामद किया गया। दोनों जगहों से बरामद गांजा का कुल वजन 7 किलो 800 ग्राम पाया गया।
पहले भी एनडीपीएस मामले में जा चुका है जेल…..
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी रोशन कुमार के खिलाफ वर्ष 2023 में मानगो (ओलीडीह ओपी) थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज…..
इस मामले में एमजीएम थाना कांड संख्या-84/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी।
