जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम गोली चलने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक युवक को कमर में गोली लगी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

इसके अलावा प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के कारणों और हमलावर की पहचान का पता लगाया जा सके. फिलहाल गोली चलने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और न ही किसी आरोपी की आधिकारिक पहचान की पुष्टि की गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।