सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। फेज-2बी स्थित ग्लोरिया इंजीनियरिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में हुए भीषण विस्फोट से पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें तीन मजदूरों की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर के बिस्टुपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों में एक महिला मजदूर भी शामिल है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के समय अचानक कंपनी परिसर में तेज धमाके के साथ विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज सुनते ही पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और जान बचाने के लिए मजदूर इधर-उधर भागने लगे। सहकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए झुलसे मजदूरों को एंबुलेंस की मदद से टीएमएच पहुंचाया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विस्फोट सिलेंडर फटने से हुआ है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। गैस रिसाव, तकनीकी खराबी या अन्य किसी कारण से विस्फोट हुआ, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा. घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कंपनी परिसर का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही कंपनी के कर्मचारियों एवं प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं घायलों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। यदि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. उधर, हादसे के कई घंटे बाद तक कंपनी प्रबंधन की ओर से घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही विस्फोट के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।
