जमशेदपुर/रांची। गुरुवार की सुबह जमशेदपुर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे झारखंड को स्तब्ध कर दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की छोटी बेटी तृषा सिंह का निधन हो गया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसे लेकर पुलिस की ओर से जांच की जा रही है।

तृषा सिंह के निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी शोक की लहर है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने तृषा सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि संतान को खोने का दर्द एक मां के लिए शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की. अचानक हुई इस दुखद घटना से जमशेदपुर से लेकर रांची तक शोक का माहौल है।
