पंजाब : पंजाब के लुधियाना से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पंजाबी सिंगर और मेकअप आर्टिस्ट इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। परिजनों ने इस मामले में सुखविंदर सिंह उर्फ सुख्खा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि आरोपी जबरन शादी का दबाव बना रहा था और इंकार करने पर उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।



जानकारी के अनुसार करीब तीन वर्ष पहले इंदर कौर की दोस्ती इंस्टाग्राम के माध्यम से सुखविंदर सिंह से हुई थी। शुरुआती बातचीत के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, लेकिन बाद में इंदर कौर को पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। इसके बाद इंदर ने शादी से साफ इनकार कर दिया। परिजनों का आरोप है कि इसी बात से आरोपी नाराज था और लगातार उस पर दबाव बना रहा था।
बाजार जाने निकली थी, फिर नहीं लौटी……
परिवार के मुताबिक 13 मई की शाम इंदर कौर सफेद रंग की फोर्ड फिगो कार से घर का राशन लेने निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी सुखविंदर सिंह और उसके कुछ साथियों ने कथित तौर पर गन पॉइंट पर उसका अपहरण किया था।
कनाडा से आया, वारदात के बाद फरार……
परिजनों ने दावा किया है कि आरोपी कनाडा में रहता था और हत्या की साजिश रचने के लिए नेपाल के रास्ते पंजाब पहुंचा था। वारदात को अंजाम देने के बाद वह फिर उसी रास्ते फरार हो गया। मामले में आरोपी के पिता और अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है।
नहर से मिला शव, परिवार सदमे में……
कई दिनों की तलाश के बाद पुलिस ने नहर से इंदर कौर का शव बरामद किया। शव मिलने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।
सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा…..
घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे सोशल मीडिया फ्रेंडशिप का खतरनाक अंजाम बताया है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।



