जमशेदपुर/पटमदा : पटमदा अंचल में सोमवार रात तेज रफ्तार और लापरवाही का खौफनाक नजारा देखने को मिला, जब ठनठनी घाटी से अवैध पत्थर लादकर आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बामनी गांव के पास बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।


घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर तेज गति में था और अचानक नियंत्रण खो बैठा। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हेलमेट नहीं पहनने के कारण उनके सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटनास्थल पर कुछ देर तक अफरातफरी और चीख-पुकार का माहौल बना रहा।
हादसे के बाद चालक मौके से ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। बताया जाता है कि उसने वाहन को बामनी गांव के एक स्कूल के पीछे खेत में छिपा दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला. सूचना मिलते ही पटमदा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में एक की पहचान सुमित सिंह सरदार (20), निवासी मालती गांव, बलरामपुर (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। वह इन दिनों बुरुडीह स्थित अपने मामा के घर आया हुआ था। दूसरे युवक की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी है. पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। इधर, घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध पत्थर ढुलाई का खेल खुलेआम चल रहा है, लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
