जमशेदपुर : लुआबासा पुलिया की जर्जर स्थिति को लेकर समाजसेवी सह मजदूर नेता बंटी सिंह ने चिंता जताते हुए जनहित में मरम्मतीकरण की पहल की है। उन्होंने पुलिया की वर्तमान स्थिति से जिला प्रशासन को अवगत कराते हुए मरम्मतीकरण की अनुमति सह सूचना पत्र पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कार्यालय में सौंपा. बंटी सिंह ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों के आग्रह पर उन्होंने लुआबासा पुलिया का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान पुलिया की स्थिति काफी जर्जर पाई गई। इस पुलिया से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों और आम लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में पुलिया की जर्जर हालत कभी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।

दुर्गापूजा से पहले मरम्मतीकरण की पहल……
बंटी सिंह ने कहा कि दुर्गापूजा का पर्व नजदीक है और इस दौरान क्षेत्र में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में पुलिया की मौजूदा स्थिति को देखते हुए समय रहते आवश्यक मरम्मतीकरण नहीं हुआ तो दुर्घटना की आशंका बनी रह सकती है. उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर पूर्व में भी मीडिया के माध्यम से पुलिया के मरम्मतीकरण का संकल्प व्यक्त किया गया था। स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी जनहित में पहल करने का आग्रह किया गया, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के बाद उन्होंने अपने स्तर से तत्काल समाधान की दिशा में कदम उठाने का निर्णय लिया।
30 सितंबर से RCC कार्य शुरू करने का निर्णय……
बंटी सिंह ने बताया कि प्रशासनिक प्रक्रिया और स्थायी मरम्मतीकरण में समय लग सकता है। ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने जनसहयोग एवं अपने स्तर से 30 सितंबर 2026 से पुलिया पर प्रबलित सीमेंट कंक्रीट (RCC) कार्य कराने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि इससे तत्काल स्तर पर पुलिया से आवागमन को सुरक्षित बनाने में सहयोग मिलेगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पहल किसी सरकारी विभाग या जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि संभावित दुर्घटना को रोकने और ग्रामीणों की सुरक्षा में सहयोग करने के उद्देश्य से की जा रही है।
स्थायी मरम्मतीकरण की मांग…..
बंटी सिंह ने जिला प्रशासन से मांग की कि संबंधित विभाग के अधिकारियों से लुआबासा पुलिया का स्थल निरीक्षण कराया जाए और पुलिया का स्थायी एवं तकनीकी रूप से उचित मरम्मतीकरण कराया जाए, ताकि भविष्य में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
अप्पू तिवारी बोले—जनसेवा में आगे आना ही सामाजिक दायित्व…….
इस मौके पर आजसू प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने कहा कि लुआबासा पुलिया जैसे जनसरोकार के मुद्दे पर बंटी सिंह द्वारा आगे बढ़कर पहल करना सामाजिक दायित्व निभाने का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी जनहित में कार्य करने वाले लोगों के प्रयासों में सदैव सहयोग करेगी।
तिवारी ने कहा कि दुर्गापूजा तक पुलिया के मुद्दे पर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराने के लिए मीडिया के माध्यम से पहले भी आवाज उठाई गई थी। उन्होंने बंटी सिंह की पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनसेवा के कार्यों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाकर वे क्षेत्र में सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों को गति देने का प्रयास कर रहे हैं. ज्ञापन सौंपने के दौरान बंटी सिंह के साथ आजसू नेता अप्पू तिवारी, अविनाश झा, आदित्य चौहान, राकेश सिंह, परवीन सिंह, साकेत गर्ग, सतीश राय, विवेक शर्मा, रोहित चौधरी, आशु समेत अन्य लोग मौजूद थे।
