जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक में गुरुवार सुबह हुई हथियारबंद डकैती की घटना को लेकर भाजपा नेता एवं पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर जैसे प्रमुख शहर में दिनदहाड़े बैंक के अंदर हथियारबंद अपराधियों का घुसकर वारदात को अंजाम देना कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:15 से 10 बजे के बीच अपराधियों ने बैंककर्मियों को हथियार के बल पर बंधक बनाया और नकदी एवं स्वर्णाभूषण लेकर फरार हो गए। विभिन्न रिपोर्टों में नकदी की मात्रा 42 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है, जबकि स्वर्णाभूषणों की वास्तविक कीमत का आकलन अभी किया जाना बाकी है।

दिनेश कुमार ने कहा कि अपराधियों द्वारा दिन के उजाले में बैंक जैसी संवेदनशील जगह को निशाना बनाया जाना चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं शहर में आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा करती हैं और पुलिस के अपराधियों पर नियंत्रण से जुड़े सवाल भी सामने लाती हैं. उन्होंने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन की कार्रवाई केवल घटना के बाद जांच और छापेमारी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। पुलिस को अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी, लूटी गई राशि एवं आभूषणों की बरामदगी के साथ-साथ वारदात के पीछे की पूरी साजिश का भी खुलासा करना चाहिए।
दिनेश कुमार ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि बैंक एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अपराधियों के संभावित भागने के मार्गों की गहन जांच की जाए। उन्होंने कहा कि मामले का शीघ्र उद्भेदन कर दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाना जरूरी है, ताकि शहरवासियों में सुरक्षा का विश्वास कायम रहे. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर की जनता भयमुक्त वातावरण और प्रभावी कानून-व्यवस्था चाहती है। प्रशासन को अपराधियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई करते हुए अपनी जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।
