जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के बिरसानगर जोन नंबर-7 की रहने वाली 23 वर्षीय अंजलि लोहार मंगलवार सुबह करीब 5 बजे घर से निकलने के बाद लापता हो गई। अंजलि एबीएम कॉलेज में स्नातक की पढ़ाई कर रही है। उसके लापता होने के बाद परिजन परेशान हैं और लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं। मामले की सूचना गोलमुरी थाना पुलिस को दी गई है।

बैंकिंग की पढ़ाई के लिए मामा से लिए थे 24 हजार रुपये…….
परिजनों के अनुसार, अंजलि ने बैंकिंग की पढ़ाई के लिए करीब दो महीने पहले अपने मामा से 24 हजार रुपये लिए थे। उसने इसकी जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को नहीं दी थी। दो दिन पहले जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो उससे पूछताछ की गई। सोमवार को उसकी मां ने भी इस मामले को लेकर उसे समझाया था।
पिता को पानी दिया और फिर घर से निकल गई……
अंजलि के बड़े भाई विनय लोहार ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 5 बजे अंजलि ने अपने पिता को पानी दिया। इसके बाद पिता के बाथरूम जाने के दौरान वह स्कूल बैग लेकर घर से बाहर निकल गई। कुछ देर बाद परिजनों को उसके घर में नहीं होने का पता चला। इसके बाद रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
घर से मिला भावनात्मक नोट, बढ़ी परिजनों की चिंता…….
तलाशी के दौरान घर से अंजलि द्वारा लिखा गया एक भावनात्मक नोट भी मिला। इसमें उसने परिवार को लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं और माता-पिता से जुड़ी बातों का उल्लेख किया है। नोट मिलने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। हालांकि, अंजलि के घर से निकलने के बाद वह कहां गई, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बैग में जरूरी दस्तावेज, लोगों से मदद की अपील…….
परिजनों के अनुसार, घर से निकलते समय अंजलि ने बैंगनी रंग का सलवार-सूट पहन रखा था। उसके पास नीले रंग का स्कूल बैग था, जिसमें जरूरी दस्तावेज हैं। परिजनों ने लोगों से अपील की है कि अंजलि कहीं दिखाई दे या उसके संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल गोलमुरी थाना अथवा परिजनों को सूचना दें।
सूचना के लिए संपर्क करें:
6204931132 | 7717768176 | 912260407|
