लोकतंत्र सवेरा/जमशेदपुर : झारखंड क्रिकेट के इतिहास में शनिवार का दिन खास बन गया, जब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की तर्ज पर आयोजित होने वाली पहली झारखंड टी-20 लीग (जे-टी20) की खिलाड़ियों की नीलामी में कई चौंकाने वाले परिणाम सामने आए। एनएच-33 स्थित वेव इंटरनेशनल होटल में आयोजित हाई-प्रोफाइल ऑक्शन में युवा विकेटकीपर बल्लेबाज रोबिन मिंज सबसे बड़े आकर्षण का केंद्र रहे. कोयलांचल सुपर किंग्स ने रोबिन मिंज पर भरोसा जताते हुए 15.25 लाख रुपये की रिकॉर्ड बोली लगाई। इसके साथ ही वह लीग के पहले संस्करण के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। खास बात यह रही कि भारतीय टीम और आईपीएल के स्टार बल्लेबाज ईशान किशन को संथाल स्ट्राइकर्स ने 6.25 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया।



रोबिन मिंज पर जमकर बरसी बोली……
नीलामी की शुरुआत से ही रोबिन मिंज को लेकर फ्रेंचाइजियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी, विकेटकीपिंग कौशल और हालिया प्रदर्शन को देखते हुए कई टीमों ने खुलकर बोली लगाई। अंततः कोयलांचल सुपर किंग्स ने सबसे ऊंची बोली लगाकर उन्हें अपने साथ जोड़ लिया. क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि रोबिन मिंज की रिकॉर्ड बोली झारखंड की स्थानीय प्रतिभाओं पर बढ़ते भरोसे को दर्शाती है। साथ ही यह लीग युवा खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का बड़ा मंच साबित हो सकती है।
विराट सिंह और कौनैन कुरैशी पर भी लगी बड़ी बोली……
ऑक्शन में कई अन्य खिलाड़ियों को भी मोटी रकम मिली। छोटानागपुर रॉयल्स ने अनुभवी बल्लेबाज विराट सिंह को 13 लाख रुपये में खरीदा, जबकि जमशेदपुर स्टीलर्स ने मोहम्मद कौनैन कुरैशी को 12.50 लाख रुपये देकर अपनी टीम में शामिल किया. कुल 275 खिलाड़ियों की सूची में शामिल क्रिकेटरों पर फ्रेंचाइजियों ने अपनी रणनीति के अनुसार बोली लगाई। कई युवा खिलाड़ियों को न्यूनतम 50 हजार रुपये की कीमत पर टीमों में जगह मिली, जिससे उनके क्रिकेट करियर को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
कुमार कुशाग्र का अनसोल्ड रहना बना चर्चा का विषय…..
नीलामी का सबसे बड़ा उलटफेर आईपीएल में खेल चुके विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र के रूप में सामने आया। क्रिकेट प्रेमियों को उस समय हैरानी हुई जब किसी भी फ्रेंचाइजी ने उन पर बोली नहीं लगाई और वह अनसोल्ड रह गए. नीलामी के दौरान यह घटनाक्रम खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। वहीं कई नए चेहरों ने पहली बार बड़ी लीग में जगह बनाकर सुर्खियां बटोरीं।
10 जून से शुरू होगा रोमांच……
जेएससीए के सचिव सौरभ तिवारी ने इसे झारखंड क्रिकेट के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह लीग राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्रदान करेगी. 10 जून से शुरू होने वाली झारखंड टी-20 लीग में रांची टाइटंस, जमशेदपुर स्टीलर्स, छोटानागपुर रॉयल्स, कोयलांचल सुपर किंग्स, धनबाद डायमंड्स और संथाल स्ट्राइकर्स खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि यह टूर्नामेंट राज्य के क्रिकेट को नई पहचान और नई ऊंचाइयां देगा।



