क्रिकेट : अफगानिस्तान के खिलाफ प्रस्तावित वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की घोषणा होते ही क्रिकेट जगत में हलचल तेज हो गई है। चयनकर्ताओं ने इस बार कई बड़े फैसले लेते हुए साफ संकेत दिया है कि टीम में जगह अब केवल प्रदर्शन के आधार पर मिलेगी। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत से उपकप्तानी वापस ले ली गई है, जबकि लंबे समय बाद ईशान किशन की वनडे टीम में वापसी हुई है। वहीं रोहित शर्मा और विराट कोहली की वापसी ने फैंस का उत्साह बढ़ा दिया है।



पंत से छीनी गई उपकप्तानी….
भारतीय टेस्ट टीम में इस बार सबसे बड़ा बदलाव नेतृत्व समूह में देखने को मिला है। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को उपकप्तानी की जिम्मेदारी से हटा दिया गया है और यह जिम्मेदारी अब केएल राहुल को सौंपी गई है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष दक्षिण अफ्रीका दौरे पर पंत टीम के उपकप्तान थे और शुभमन गिल की अनुपस्थिति में कप्तानी भी संभाल चुके थे। हालांकि इस बार चयनकर्ताओं ने अनुभव और स्थिरता को प्राथमिकता देते हुए नेतृत्व में बदलाव किया है।
इस फैसले को लेकर सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है। कुछ क्रिकेट विशेषज्ञ इसे सही निर्णय बता रहे हैं, जबकि कई प्रशंसकों ने पंत के समर्थन में प्रतिक्रिया दी है।
ईशान किशन की तीन साल बाद वापसी……
लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की वनडे टीम में वापसी हुई है। ईशान ने अपना आखिरी वनडे मुकाबला वर्ष 2023 में अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था।
भारत के लिए अब तक 27 वनडे मुकाबलों में 933 रन बना चुके ईशान किशन के नाम एक दोहरा शतक भी दर्ज है। हाल के महीनों में घरेलू क्रिकेट और टी-20 प्रतियोगिताओं में उनके प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया. सोशल मीडिया पर फैंस उनकी वापसी को “कमबैक ऑफ द ईयर” बता रहे हैं।
युवा खिलाड़ियों को मिला मौका…..
अफगानिस्तान सीरीज के लिए घोषित टीम में कई युवा खिलाड़ियों को पहली बार मौका दिया गया है। तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को वनडे टीम में शामिल किया गया है, जबकि राजस्थान के स्पिनर मानव सुथार को टेस्ट टीम में जगह मिली है. इसके अलावा हरफनमौला खिलाड़ी हर्ष दुबे और तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को भी टीम में शामिल किया गया है। इन खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा था।
रोहित और हार्दिक की फिटनेस पर नजर……
आईपीएल के दौरान चोटिल हुए रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या को टीम में शामिल तो किया गया है, लेकिन उनकी फिटनेस पर अब भी नजर बनी हुई है। बीसीसीआई की मेडिकल टीम अंतिम मंजूरी के बाद ही दोनों खिलाड़ियों के खेलने पर फैसला करेगी।
रोहित शर्मा मैदान पर वापसी कर चुके हैं, जबकि हार्दिक पांड्या को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है. अफगानिस्तान की टीम जून में भारत दौरे पर आएगी, जहां दोनों देशों के बीच एक टेस्ट और तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। क्रिकेट प्रशंसकों को इस सीरीज में अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं का शानदार मिश्रण देखने को मिल सकता है।



