जमशेदपुर : झारखंड पुलिस की डीजीपी तदाशा मिश्रा गुरुवार को जमशेदपुर पहुंचीं और जिले की अपराध एवं विधि-व्यवस्था की स्थिति की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बिष्टुपुर के सीएच एरिया स्थित पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वाकरीब के आवास पर आयोजित बैठक में पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के वरीय पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में हाल के दिनों में सामने आई प्रमुख आपराधिक घटनाओं, पुलिस कार्रवाई और लंबित मामलों की जांच की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। खास तौर पर केनरा बैंक लूटकांड और मरीन ड्राइव स्थित रेस्टोरेंट गोलीकांड को लेकर डीजीपी ने अधिकारियों से अब तक हुई कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी ली।
अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी पर जोर……
डीजीपी ने दोनों मामलों की जांच में तेजी लाने और अपराध में शामिल आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संवेदनशील एवं चर्चित मामलों की जांच की लगातार मॉनिटरिंग करने तथा विभिन्न पुलिस इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्रवाई करने पर जोर दिया।
बैठक में शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध नियंत्रण और प्रभावी पुलिसिंग को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत रखने के निर्देश भी दिए गए. करीब आधे घंटे चली समीक्षा बैठक के बाद डीजीपी रांची के लिए रवाना हो गईं।
