जमशेदपुर : मानगो-डिमना क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से आम लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी के बीच दिन-रात हो रही ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि हर पांच मिनट पर बिजली आने-जाने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।



इस मामले को लेकर जन विकास मंच के अध्यक्ष सौरभ विष्णु ने डीवीसी और जेबीवीएनएल की कार्यशैली पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि मानगो की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और संबंधित विभाग स्थायी समाधान निकालने के बजाय केवल औपचारिकता निभा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि लगातार ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को हो रही है। रातभर बिजली बाधित रहने से लोगों को जागकर समय बिताना पड़ रहा है।
लो-वोल्टेज की समस्या के कारण कई घरों में पानी का मोटर भी काम नहीं कर पा रहा है, जिससे लोगों को पेयजल और दैनिक उपयोग के पानी के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
सौरभ विष्णु ने मांग की है कि डीवीसी और जेबीवीएनएल संयुक्त रूप से कार्य कर तकनीकी खामियों को दूर करें और जल्द स्थायी समाधान निकालें। उन्होंने कहा कि जनता अब सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि बेहतर और नियमित बिजली व्यवस्था चाहती है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो स्थानीय लोगों के साथ मानगो स्थित जेबीवीएनएल डिवीजन कार्यालय का घेराव किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।



