लोकतंत्र सवेरा | जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत टूइलाडुंगरी इलाके में गुरुवार अहले सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब साईं मोटर्स के सेल-पर्चेस प्रतिष्ठान परिसर में खड़ी एक कार में अचानक भीषण आग लग गई। घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। देखते ही देखते कार से उठती आग की लपटें और धुएं का गुबार पूरे इलाके में फैल गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।



स्थानीय लोगों के अनुसार जिस स्थान पर आग लगी, वहां एक साथ कई वाहन खड़े थे। आग की भयावहता को देखते हुए लोगों को आशंका सताने लगी कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो कई अन्य गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ सकती थीं और एक बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक कार से धुआं निकलना शुरू हुआ और कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी गिरफ्त में ले लिया। आग की तेज लपटें देख आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना तत्काल गोलमुरी थाना एवं दमकल विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बताया जाता है कि साईं मोटर्स के परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन खड़े रहते हैं। ऐसे में आग लगने की यह घटना सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों ने परिसर में अग्निशमन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के कारण आग लगी हो सकती है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
