लोकतंत्र सवेरा | जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के टूइलाडुंगरी इलाके में गुरुवार अहले सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। साईं मोटर्स नामक सेल-परचेस परिसर में खड़ी एक कार अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार जिस जगह यह सेकेंड हैंड वाहनों का कारोबार चल रहा है, उसके ठीक बगल में पेट्रोल पंप मौजूद है। ऐसे में अगर आग कुछ मिनट और बेकाबू रहती तो पूरा इलाका दहल सकता था। लोगों का कहना है कि “अगर दमकल समय पर नहीं पहुंचती, तो क्या से क्या हो जाता. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।



सबसे बड़ा सवाल…..
घटना के बाद इलाके में चल रहे सेकेंड हैंड वाहन कारोबार पर भी गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रिहायशी इलाके और पेट्रोल पंप के पास बड़ी संख्या में वाहन खड़े कर सेल-परचेस का कारोबार चलाया जा रहा है, लेकिन सुरक्षा के नाम पर कोई इंतजाम नहीं है। लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर किसकी अनुमति से इतने वाहनों का जमावड़ा बराबर लगे रहता है ? क्या अग्निशमन विभाग से एनओसी ली गई थी? क्या प्रशासन ने कभी सुरक्षा मानकों की जांच की?
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि “प्रशासन की अनदेखी और कारोबारियों की लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।”
बड़ा सवाल — हादसा होता तो जिम्मेदार कौन?……
सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर आग पेट्रोल पंप तक पहुंच जाती और कई लोगों की जान चली जाती, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता? आखिर बिना सुरक्षा इंतजाम के रिहायशी इलाके में इस तरह वाहन खड़ा कर कारोबार चलाने की अनुमति किसने दी?फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
