जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के टूइलाडुंगरी स्थित साईं मोटर्स परिसर में लगातार दूसरे दिन आगजनी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे परिसर में खड़ी दो कारों में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे दोनों वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गए। लगातार हो रही घटनाओं के बाद अब इसे महज हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश बताया जा रहा है।



साईं मोटर्स के संचालक राजा सिंह ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि “CAR में आग लग नहीं रही है, बल्कि लगाई जा रही है। मेरे खिलाफ षड्यंत्र रचा जा रहा है।” उन्होंने बताया कि गुरुवार को जिस कार में आग लगी थी, उसमें बैटरी तक नहीं थी। शुक्रवार को जली दोनों कारों से भी बैटरी पहले ही निकाल ली गई थी। ऐसे में अचानक आग लगने की घटना कई सवाल खड़े कर रही है।
बताया जा रहा है कि सेकेंड हैंड कारों से चोरी की आशंका को देखते हुए बैटरी निकालकर अलग रखी जाती है। इसके बावजूद लगातार दो दिनों में आगजनी की घटना होने से शोरूम संचालक समेत आसपास के लोग दहशत में हैं।
राजा सिंह के मुताबिक दो दिनों के भीतर हुई आगलगी की घटनाओं में करीब 5 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। आसपास लगे CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि आग लगाने वालों तक पहुंचा जा सके. लगातार दूसरे दिन हुई इस घटना ने गोलमुरी इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
