जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह गोलमुरी नामदाबस्ती निवासी एक युवक पर डंडे और रॉड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में 32 वर्षीय प्रकाश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गहरी चोट लगी, जिससे काफी खून बह गया. जानकारी के अनुसार, प्रकाश सिंह मंगलवार सुबह अपने ससुराल बिरसानगर गए थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने कथित रूप से उन पर अचानक डंडे और रॉड से हमला कर दिया। हमले में सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद प्रकाश मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े।

घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना बिरसानगर थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल हमले की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और आरोपियों की पहचान की भी जांच की जा रही है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और हमले में शामिल लोगों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
