रांची : झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाताओं को बड़ी राहत दी गई है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने और पहले से दर्ज विवरण में आवश्यक सुधार कराने की समयसीमा बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी गई है। इससे उन पात्र नागरिकों को अतिरिक्त समय मिल गया है, जो निर्धारित अवधि में आवेदन नहीं कर पाए थे. नई समयसीमा के दौरान पात्र मतदाता मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के साथ-साथ नाम, पता और अन्य जरूरी विवरण में सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए यह अवसर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अधिकारियों की ओर से पात्र मतदाताओं से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर लें। इससे मतदाता सूची में उनका सही विवरण दर्ज हो सकेगा और आगामी चुनावों में मतदान के दौरान किसी तरह की परेशानी से बचा जा सकेगा. 30 सितंबर अंतिम तिथि होने के कारण मतदाताओं को समय रहते अपने नाम और विवरण की जांच कर आवश्यक सुधार कराने की सलाह दी गई है।
