जमशेदपुर : चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा–रांची नेशनल हाईवे पर मंगलवार रात करीब 10 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने अफरा-तफरी मचा दी। चिलगु से शहरबेड़ा मोड़ तक एनएचआई द्वारा बनाए गए सिंगल लेन मार्ग पर एक गाय लदी वैन और वैगनआर कार के बीच सीधी टक्कर हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहरबेड़ा मोड़ के समीप कांदरबेड़ा की ओर जा रही गाय लदी वैन ने विपरीत दिशा से आ रही वैगनआर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन मौके पर ही बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर रुक गए. दुर्घटना की सूचना मिलते ही चिलगु निवासी “हाइवे किंग” के नाम से चर्चित शेखर गांगुली अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए चांडिल पुलिस एवं पाटा टोल प्लाजा की एम्बुलेंस को सूचना दी।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद वैन चालक सहित उसमें सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए। वैन की ट्रॉली से कई गायें बरामद हुईं, जिनमें से कुछ गंभीर रूप से घायल पाई गईं। वहीं, वैगनआर में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल 1033 एम्बुलेंस की मदद से एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। दुर्घटना के चलते सिंगल लेन मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई, जिससे कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर सड़क से हटवाया और यातायात को सामान्य कराया। इधर, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गौ तस्करी की आशंका में सभी गायों को जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
