कुशीनगर में घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा, प्रेमी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ी रही युवती, पुलिस के समझाने और आश्वासन के बाद सुरक्षित उतरी नीचे
कुशीनगर (उत्तर प्रदेश) : प्रेम और रिश्तों में विश्वास टूटने के बाद एक युवती ने ऐसा खतरनाक कदम उठा लिया, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। प्रेमी से निकाह कराने की जिद में एक युवती करीब 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। इतना ही नहीं, उसने टावर से अपने प्रेमी के साथ हुई बातचीत के प्रिंटआउट भी नीचे फेंकने शुरू कर दिए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और लोग पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाने लगे।
मामला कुशीनगर जिले के जटहा बाजार थाना क्षेत्र के पड़रही गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, गांव के एक युवक का पड़ोसी गांव की एक युवती के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच बातचीत और नजदीकियां थीं। युवती युवक से निकाह करना चाहती थी, लेकिन युवक द्वारा निकाह से इनकार किए जाने के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसके बाद युवती ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके चलते युवक को जेल भी जाना पड़ा। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले ही युवक जेल से बाहर आया था।
टावर पर चढ़कर प्रेमी को बुलाने की जिद…..
बताया जाता है कि सोमवार को युवती अचानक पड़रही गांव स्थित करीब 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। ऊंचाई पर युवती को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लोगों ने उसे काफी समझाने और नीचे उतरने की अपील की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही. इस दौरान युवती टावर से कागज के पर्चे नीचे फेंकती रही। इन कागजों में कथित तौर पर उसके और प्रेमी के बीच हुई बातचीत के प्रिंटआउट शामिल थे। युवती लगातार अपने प्रेमी को मौके पर बुलाने और उससे निकाह कराने की मांग कर रही थी। घटना का वीडियो भी मौके पर मौजूद लोगों ने बनाना शुरू कर दिया, जिसके बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
पुलिस के आश्वासन के बाद टावर से उतरी युवती…..
घटना की सूचना मिलते ही जटहा बाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक युवती को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह टावर से उतरने को तैयार नहीं थी। इसके बाद पुलिस ने लाउडस्पीकर के माध्यम से युवती को बताया कि उसका प्रेमी थाने में मौजूद है। साथ ही उसे निकाह के संबंध में बातचीत और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।
पुलिस के आश्वासन के बाद युवती नीचे उतरने के लिए तैयार हुई। काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित जमीन पर उतार लिया गया। इसके बाद पुलिस उसे अपनी अभिरक्षा में लेकर थाने चली गई. जटहा बाजार थानाध्यक्ष अभिनव मिश्रा ने बताया कि युवती को सुरक्षित टावर से नीचे उतारकर थाने लाया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर प्रेम संबंधों में उपजे विवाद, भावनात्मक दबाव और जल्दबाजी में उठाए जाने वाले खतरनाक कदमों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।



