धालभूमगढ़ : पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ प्रखंड स्थित देड़ांग घाट में स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ ही अब मगरमच्छ की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। देड़ांग घाट स्थित स्वर्णरेखा नदी पुल के नीचे मगरमच्छ दिखाई देने के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण स्वर्णरेखा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। ऐसे में मगरमच्छ के दिखाई देने से खतरा और बढ़ गया है।

नदी किनारे जाने से बचें ग्रामीण……
स्थिति को देखते हुए धालभूमगढ़ थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा ने ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग किसी भी परिस्थिति में नदी में मछली पकड़ने या अन्य किसी काम से नदी के आसपास जाने से बचें। खासकर बच्चों को नदी और उसके आसपास के इलाकों में नहीं जाने दें. थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि बढ़ते जलस्तर और मगरमच्छ की मौजूदगी को देखते हुए लोग किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं। यदि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है या किसी प्रकार की परेशानी सामने आती है तो तत्काल प्रशासन और पुलिस को सूचना दें।
प्रशासन अलर्ट, सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह…..
स्वर्णरेखा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क है। ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और नदी के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी के जलस्तर में वृद्धि और मगरमच्छ की मौजूदगी को देखते हुए सावधानी बरतें तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान देने के बजाय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें।
