जमशेदपुर : पटमदा प्रखंड के बामनी गांव के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल तीन मजदूरों में से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान जोड़सा पंचायत अंतर्गत घोड़ाबांधा गांव निवासी 37 वर्षीय राजमिस्त्री बुद्धेश्वर सिंह के रूप में हुई है। घटना सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे की बतायी जा रही है।


















प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर से मजदूरी कर लौट रहे कई मजदूर टाटा मैजिक (यात्री वाहन) की छत पर सवार थे। पटमदा मुख्य सड़क पर बामनी गांव के पास अचानक वाहन असंतुलित होकर डगमगाने लगा। वाहन के पलटने की आशंका से घबराए मजदूरों ने जान बचाने के लिए चलती गाड़ी से ही छलांग लगा दी।
चलती गाड़ी से कूदने के कारण तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान बुद्धेश्वर सिंह ने दम तोड़ दिया। अन्य दो घायलों की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद इलाके में……
अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य में सहयोग करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
छत पर सफर बना जानलेवा…..
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यात्री वाहन की छत पर सवार होकर यात्रा करना इस हादसे की बड़ी वजह बना। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सुरक्षा मानकों का पालन करें और ओवरलोडिंग या छत पर यात्रा करने से बचें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।
