जमशेदपुर : शहर में बढ़ते अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस ने सघन अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में सिदगोड़ा थाना पुलिस ने बीती रात विशेष छापेमारी अभियान चलाते हुए एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया. जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी मो. फैज अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान विद्यापति डीवीसी पावर ग्रिड के समीप एक युवक संदिग्ध स्थिति में घूमता हुआ नजर आया। पुलिस वाहन को देखते ही युवक भागने लगा, जिससे उसकी गतिविधियां और संदिग्ध हो गईं। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने उसे पकड़ लिया।



पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मुद्र वर्मा उर्फ सनी वर्मा (30 वर्ष) बताया। तलाशी के दौरान उसके कमर से 7.65 बोर का देसी पिस्टल तथा एक लोहे का मैगजीन बरामद किया गया। आरोपी हथियार से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. इस संबंध में सिदगोड़ा थाना में आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पोटका थाना में कई मामले दर्ज हैं. पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क और संभावित आपराधिक संबंधों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



