जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में मोबाइल गुम होने के बाद बैंक खाते से 10 हजार रुपये की अवैध निकासी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो नाबालिगों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह निवासी करण कुमार प्रसाद के रूप में हुई है, जबकि पकड़े गए दोनों नाबालिग भी उसी इलाके के रहने वाले हैं। आरोपियों के कब्जे से एक धारदार चापड़ भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरिडीह जिले के बिरनी (सलईडीह) निवासी ट्रक चालक माणिक कुमार साव का मोबाइल 17 जुलाई को बर्मामाइंस बाजार में कहीं गिर गया था। कुछ दिनों बाद उन्होंने नया मोबाइल खरीदकर पुराने सिम कार्ड को सक्रिय किया, तो बैंक खाते से 10 हजार रुपये निकाले जाने का संदेश मिला। खाते से अवैध निकासी की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल बर्मामाइंस थाना में शिकायत दर्ज कराई।
तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस…..
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी शाखा की सहायता ली। मोबाइल और बैंक ट्रांजैक्शन से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आसानी से आरोपियों तक पहुंच गई। छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक धारदार चापड़ भी बरामद हुआ।
पूछताछ में लूटपाट की वारदातों का किया खुलासा….
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे शहर के विभिन्न इलाकों में लोगों को चापड़ दिखाकर डराते-धमकाते थे और लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते थे। गिरोह के सदस्य राहगीरों को निशाना बनाकर उन्हें आतंकित करते थे।
मुख्य आरोपी जेल भेजा गया, दो नाबालिग बाल सुधार गृह…..
कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने दोनों नाबालिग आरोपियों को बाल सुधार गृह भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी करण कुमार प्रसाद को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और उनके द्वारा की गई अन्य वारदातों की भी जांच कर रही है।
