जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन (डीडी) बार के बाहर करनी सेना के नेता हिमांशु सिंह की हत्या मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों को कानून के शिकंजे में ले लिया है। मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी कदमा निवासी गणेश मछुआ को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के साथ ही इस चर्चित हत्याकांड के सभी 16 आरोपी जेल पहुंच चुके हैं।

बुधवार को सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने प्रेसवार्ता कर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गणेश मछुआ ने घटना के बाद मुख्य आरोपी विश्वजीत लोहार, राहुल दुबे और राघवेंद्र को फरार होने में मदद की थी। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की है. सिटी एसपी ने बताया कि गणेश मछुआ का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह अवैध शराब के कारोबार से जुड़े दो मामलों में पहले भी जेल जा चुका है। वहीं, मंगलवार को बिष्टुपुर थाना में आत्मसमर्पण करने वाले आरोपी राघवेंद्र को भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस के अनुसार, इस बहुचर्चित हत्याकांड में अब तक कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जिससे मामले की जांच का एक महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है।
27 जून को हुई थी वारदात…..
गौरतलब है कि 27 जून की रात डीडी बार के बाहर पुलिस की मौजूदगी में करनी सेना के नेता हिमांशु सिंह और उनके साथी प्रत्यूष पर चापड़, चाकू और कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह ने दो दिन बाद टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।
इस घटना के बाद शहर में व्यापक आक्रोश देखने को मिला था और लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उग्र प्रदर्शन किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया और डीडी बार के मालिक तथा भाजपा नेता नीरज सिंह को भी राजस्थान से गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब इस मामले में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करने का दावा किया है।

