जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के सब्जी मंडी स्थित गुप्ता लॉज में कथित देह व्यापार के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लॉज के संचालक और सह संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मानिक साह और नारायण तंतुबाई के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद पुलिस ने सोमवार को दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पुलिस के अनुसार, गुप्ता लॉज में संदिग्ध गतिविधियों और लड़कियों को बुलाकर कथित रूप से देह व्यापार कराए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साकची पुलिस ने लॉज में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान लॉज के कमरों से महिलाओं के कपड़े, रजिस्टर, शराब की बोतल, सिगरेट समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए। पुलिस ने लॉज में आने-जाने वाले लोगों का विवरण दर्ज करने वाले रजिस्टर की भी जांच की। जांच के दौरान रजिस्टर में कई प्रविष्टियां अधूरी पाए जाने की बात सामने आई है. मामले में साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव के बयान पर मानिक साह, नारायण तंतुबाई और कंचन कुमारी के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस अब पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। लॉज में कौन-कौन लोग आते-जाते थे, वहां संदिग्ध गतिविधियां कब से चल रही थीं और इसमें अन्य कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. लॉज में पुलिस की छापेमारी के बाद इलाके में चर्चा तेज है और अब जांच की आंच उन लोगों तक पहुंचने की उम्मीद है, जिनका इस कथित नेटवर्क से कोई संबंध रहा हो सकता है।
