जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने जुगसलाई थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक लोडेड देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में जुगसलाई थाना कांड संख्या 44/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।



पुलिस को 3 जून को गुप्त सूचना मिली थी कि जुगसलाई क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन एवं पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए रेलवे पुल के नीचे स्थित क्षेत्र से दो संदिग्ध युवकों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जुगसलाई के गरीब नवाज कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय जाहिद हुसैन उर्फ विक्की तथा महतो पाड़ा रोड निवासी 19 वर्षीय मो. रेहान हुसैन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने अवैध हथियारों के कारोबार से जुड़े होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर रेलवे पुल के समीप झाड़ियों में छिपाकर रखा गया एक लोडेड देशी पिस्टल बरामद किया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि देशी पिस्टल की सप्लाई 40 हजार से 60 हजार रुपये तक में की जाती थी। गिरफ्तार आरोपी जाहिद हुसैन उर्फ विक्की हथियार सप्लायर और खरीददारों के बीच बिचौलिये की भूमिका निभाता था। पुलिस का मानना है कि यह मामला संगठित हथियार सप्लाई और खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह से जुड़ा हुआ है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी जाहिद हुसैन उर्फ विक्की के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं। वहीं दूसरे आरोपी मो. रेहान हुसैन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
बरामद सामान में एक देशी पिस्टल, 7.65 बोर का एक जिंदा कारतूस तथा दो मोबाइल फोन शामिल हैं. पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में हथियार सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है तथा पुलिस पूरे गिरोह की जड़ तक पहुंचने के लिए जांच में जुटी हुई है।



