जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के बारीगोड़ा में आपसी रंजिश को लेकर एक युवक पर चापड़ और पत्थरों से जानलेवा हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारीगोड़ा निवासी धर्मवीर सिंह बुधवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच किसी काम से घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान 8 से 10 अज्ञात युवकों ने उन्हें घेर लिया और जबरन एक वाहन में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले गए। आरोप है कि वहां हमलावरों ने धर्मवीर सिंह की बेरहमी से पिटाई की तथा उन पर चापड़ और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले के दौरान उनकी गर्दन पर भी चापड़ से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।



परिजनों के अनुसार, आरोपियों ने धर्मवीर को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाकर लगातार मारपीट की। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने तब तक हमला जारी रखा, जब तक उन्हें यह नहीं लगा कि उनकी मौत हो चुकी है। इसके बाद आरोपी घायल अवस्था में उन्हें घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने तत्काल टाइगर मोबाइल पुलिस को जानकारी दी। पुलिस की सहायता से घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल युवक के पिता मुन्ना सिंह ने बताया कि उनके पुत्र का किसी के साथ कोई गंभीर विवाद नहीं था। उन्होंने कहा कि कुछ समय पूर्व मामूली कहासुनी जरूर हुई थी, लेकिन ऐसी कोई दुश्मनी नहीं थी जिससे इस तरह के जानलेवा हमले की आशंका हो। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है. फिलहाल परसुडीह थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमले के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। समाचार लिखे जाने तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे।



