जमशेदपुर : करणी सेना के सरायकेला-खरसावां युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष हिमांशु की मौत के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए जमशेदपुर पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की कायराना लापरवाही के कारण एक होनहार युवक की जान चली गई. सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में विधायक सरयू राय ने कहा कि हिमांशु केवल एक युवा कार्यकर्ता नहीं, बल्कि समाज का एक होनहार और ऊर्जावान चेहरा था। उन्होंने कहा कि वह हिमांशु को व्यक्तिगत रूप से जानते थे और उसकी असमय मौत ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है।

सरयू राय ने कहा कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल सभी आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित करते हुए उनके खिलाफ कठोर से कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही पूरे घटनाक्रम में पुलिस की भूमिका और कथित लापरवाही की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. विधायक ने दिवंगत हिमांशु की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ईश्वर परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
गौरतलब है कि हिमांशु की मौत के बाद शहर में विरोध-प्रदर्शन और राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज हो गई है। विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।

