जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन (DD) क्लब में शनिवार देर रात युवतियों से कथित छेड़खानी का विरोध करना दो युवकों को भारी पड़ गया। विरोध के बाद दो गुटों के बीच पहले क्लब के अंदर जमकर मारपीट हुई, फिर बाहर निकलते ही विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान एक युवक के पेट में चाकू घोंप दिया गया, जबकि दूसरा युवक मारपीट में गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घायलों को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घायलों की पहचान आदित्यपुर निवासी हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह के रूप में हुई है। घटना शनिवार देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है।

डांस फ्लोर पर शुरू हुआ विवाद, बाहर पहुंचते ही बहा खून……
मिली जानकारी के अनुसार, युवकों और युवतियों का एक समूह डबल डाउन क्लब में पार्टी कर रहा था। इसी दौरान दूसरे ग्रुप के कुछ युवकों ने डांस फ्लोर पर मौजूद युवतियों के साथ कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी और छेड़खानी शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।
स्थिति बिगड़ती देख क्लब के बाउंसरों ने दोनों पक्षों को बाहर निकाल दिया, लेकिन बाहर निकलने के बाद भी विवाद शांत नहीं हुआ। कुछ ही देर में दोनों गुट फिर आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान एक युवक ने चाकू निकालकर दूसरे पक्ष के युवक के पेट पर हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। दूसरा युवक भी मारपीट में गंभीर रूप से घायल हो गया।
एक युवक हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ…..
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए टीएमएच भेजा। पुलिस ने मारपीट में शामिल एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। क्लब में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। आखिर विवाद की असली वजह क्या थी और चाकूबाजी की नौबत कैसे आई, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

