जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ओल्ड बाराद्वारी स्थित फूलबस्ती में गुरुवार देर रात गोलीबारी की घटना से अफरा-तफरी मच गई। सफेद रंग की स्कूटी पर सवार दो युवकों ने मो. राजा को निशाना बनाकर कथित तौर पर चार से पांच राउंड फायरिंग की। इस दौरान दो गोलियां राजा की बांह में लगीं। गोली लगने से वह मौके पर ही गिर पड़ा। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है. घटना रात करीब 11:15 बजे की बताई जा रही है। अचानक गोली चलने की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। चीख-पुकार के बीच लोग अपने घरों और सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से दो खोखे बरामद किए हैं।

शाम में हुआ था विवाद, रात में घर के बाहर फायरिंग…..
घायल मो. राजा के अनुसार, गुरुवार शाम करीब सात से आठ बजे के बीच बाराद्वारी स्थित देवनगर आश्रम के पास उसका साकची जामा मस्जिद के पीछे रहने वाले इस्मायलु और काशीडीह निवासी कोदू से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राजा का आरोप है कि इस दौरान उसके साथ मारपीट भी की गई. राजा ने बताया कि उसने किसी तरह अपने दोस्तों को फोन कर घटना की जानकारी दी और वहां से निकलकर अपने घर पहुंच गया। उसे अंदाजा नहीं था कि कुछ घंटे बाद विवाद इस कदर बढ़ जाएगा।
घर के बाहर मोबाइल पर बात कर रहा था राजा, तभी चली गोलियां……
राजा के मुताबिक, रात करीब 11:15 बजे वह अपने घर के बाहर मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान सफेद स्कूटी पर सवार इस्मायलु और कोदू वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने उसे निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। करीब चार से पांच राउंड गोली चलाए जाने के दौरान दो गोलियां उसकी बांह में जा लगीं. गोली लगते ही राजा जमीन पर गिर पड़ा। वारदात के बाद दोनों आरोपी स्कूटी से एमजीएम अस्पताल मोड़ की ओर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बन गया।
आरोपियों की तलाश में मानगो और आजादनगर में छापेमारी……
गोलीबारी की सूचना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को सक्रिय कर दिया है। पुलिस टीमों ने काशीडीह के अलावा मानगो और आजादनगर थाना क्षेत्र में संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में नामजद मुख्य आरोपी इस्मायलु के खिलाफ पूर्व में रंगदारी, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। वह पहले जेल भी जा चुका है। हालांकि, आरोपी के आपराधिक इतिहास को लेकर पुलिस की ओर से अभी विस्तृत आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इलाके में दहशत, गश्ती बढ़ाने की मांग……
फूलबस्ती में देर रात हुई गोलीबारी के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के साथ इलाके में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस को संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी बढ़ाने की जरूरत है. फिलहाल सीतारामडेरा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।