जमशेदपुर, संवाददाता : साकची थाना क्षेत्र स्थित साकची गोलचक्कर के समीप मंगलवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। अनियंत्रित लोडेड ट्रक (संख्या BR02G-5749) सड़क किनारे स्थित सोनी सेंटर की दुकान में जा घुसा। गनीमत रही कि घटना के समय दुकान बंद थी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, दुकान के सामने के हिस्से को भारी क्षति पहुंची है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक तेज रफ्तार में साकची गोलचक्कर की ओर आ रहा था। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सीधे दुकान में जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान का अग्रभाग क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए तथा कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खो देने की बात सामने आ रही है। पुलिस चालक से पूछताछ कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है. इधर, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शहर में भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की है। लोगों का कहना है कि साकची जैसे अत्यधिक व्यस्त बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी निगरानी रखी जानी चाहिए। साथ ही यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई है. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

