जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे का पाइप, धारदार चाकू, शव को ठिकाने लगाने में इस्तेमाल की गई मच्छरदानी तथा खून लगी मिट्टी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और बदले की भावना का मामला सामने आया है।



जानकारी के अनुसार, 31 मई 2026 को उलीडीह ओपी क्षेत्र स्थित एक मैदान के समीप झाड़ियों से एक युवक का शव बरामद किया गया था। मृतक की पहचान न्यू उलीडीह आदिवासी क्लब निवासी विकास सिंह उर्फ विकास राय (25 वर्ष) के रूप में हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मृतक के भाई के लिखित आवेदन पर उलीडीह ओपी कांड संख्या 123/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने घटना में संलिप्त दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व सौरभ शर्मा उर्फ पवन शर्मा की हत्या के मामले में विकास सिंह और उसके साथियों पर आरोप लगा था। इस संबंध में उलीडीह थाना कांड संख्या 64/2025 दर्ज किया गया था। उसी घटना का बदला लेने के उद्देश्य से विकास सिंह की हत्या की साजिश रची गई थी।
पुलिस के अनुसार, 30 मई की रात करीब नौ बजे आरोपी सूरज कुंटिया उर्फ साधु कुंटिया और राजू कुम्हार ने विकास सिंह को नशा करने के बहाने उलीडीह स्थित एक शॉपिंग मॉल के समीप खंडहरनुमा मकान में बुलाया। वहां पहले से बनाई गई योजना के तहत दोनों ने लोहे के पाइप और धारदार चाकू से उस पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को मच्छरदानी में लपेटकर देर रात मैदान जाने वाले रास्ते के किनारे झाड़ियों में फेंक दिया, ताकि शव की पहचान में देरी हो और साक्ष्य नष्ट किए जा सकें। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और वैज्ञानिक अनुसंधान के कारण आरोपी जल्द ही पुलिस के शिकंजे में आ गए।
गिरफ्तार आरोपियों में सूरज कुंटिया उर्फ साधु कुंटिया (24 वर्ष) तथा राजू कुम्हार (31 वर्ष) शामिल हैं। दोनों उलीडीह आदिवासी क्लब क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का पाइप, एक धारदार चाकू, शव को ढकने में इस्तेमाल की गई मच्छरदानी तथा खून लगी मिट्टी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।



