जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के धोबी मोड़ के पास हुए सनसनीखेज चापड़ हमले के मामले में अब नया और गंभीर मोड़ सामने आया है। टिनप्लेट निवासी ऋतिक और संदीप पर मंगलवार शाम हुए जानलेवा हमले के बाद, अब आरोपियों के परिजनों पर केस वापस लेने का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है. घायल संदीप के पिता सीताराम सिंह ने इस संबंध में गोलमुरी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बुधवार रात आरोपी पक्ष के लोग उनके घर पहुंचे और केस वापस लेने के लिए दबाव बनाने लगे। मना करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।


















सीताराम सिंह के अनुसार, घटना वाले दिन संदीप अपने साथी ऋतिक के साथ लोयोला बीएड कॉलेज के पास पहुंचा था, जहां उनकी मुलाकात मनप्रीत नाम की एक युवती से हुई। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और दोनों पर चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, हालांकि किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई. घटना के तुरंत बाद बिरसानगर थाना में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बावजूद अब तक पीड़ित पक्ष पर लगातार केस वापस लेने का दबाव बनाए जाने से इलाके में दहशत का माहौल है।
इधर, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दो नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। इस घटना ने एक बार फिर शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
