जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान गम्हरिया निवासी एक मरीज की मौत के बाद शनिवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मृतक की पहचान मीरु गोराई के रूप में हुई है। परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए इमरजेंसी वार्ड में विरोध प्रदर्शन किया।



हंगामे के दौरान अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। स्थिति बिगड़ती देख वहां तैनात होमगार्ड के जवानों ने हस्तक्षेप किया और परिजनों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
मृतक के परिजन शंभु गोराई ने आरोप लगाया कि मरीज के इलाज में गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसके कारण उसकी जान चली गई। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद एमजीएम अस्पताल प्रशासन हरकत में आया। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने कहा कि मामले की सूचना उन्हें मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद अस्पताल में कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई। अस्पताल प्रशासन ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।



