जमशेदपुर। मानगो के गुरुद्वारा रोड में राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की हत्या का बदला लेने के लिए कथित तौर पर प्रतिद्वंदियों की हत्या की साजिश रचे जाने का मामला सामने आया है। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्रवीर सिंह उर्फ छोटू के गिरोह के दो सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पुलिस ने कथित साजिश के लिए जुटाए गए हथियार भी बरामद कर जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को राहुल बच्चा की हत्या हुई थी, जिस संबंध में मानगो थाना में कांड संख्या 145/26 दर्ज किया गया था। 23 अक्टूबर को एसएसपी को सूचना मिली कि हत्या का बदला लेने के लिए प्रतिद्वंदियों को निशाना बनाने की योजना बनाई जा रही है। इसके बाद पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की गई. पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान हिरासत में लिए गए दोनों सदस्यों से कथित साजिश के संबंध में जानकारी मिली। मामले में उलीडीह ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।


