जमशेदपुर : मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को बर्मामाइंस थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने की। इसमें क्षेत्र की विभिन्न बस्तियों के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।




बैठक में मोहर्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। लोगों ने कई इलाकों में स्ट्रीट लाइट की कमी, जर्जर सड़कों, जलजमाव की समस्या तथा पर्व के दौरान पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की. थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने उपस्थित लोगों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि मोहर्रम से पूर्व संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
बैठक में मोहर्रम के अवसर पर एक विशेष कैंप स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया। इस कैंप के माध्यम से पुलिस एवं स्थानीय नागरिक संयुक्त रूप से पर्व की गतिविधियों पर नजर रखेंगे तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करेंगे. बैठक के अंत में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और आपसी भाईचारे, सद्भाव एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मोहर्रम पर्व मनाने का संकल्प लिया।



