जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के चौक बाजार स्थित धर्मशाला रोड पर मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक टकराने के मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। विवाद के बाद अज्ञात बदमाशों ने बरोदा घाट निवासी शुभम ठाकुर को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली शुभम को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. बताया जाता है कि घटना की शुरुआत बाइक टकराने को लेकर हुई मामूली कहासुनी से हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और विवाद में बदल गई। इसके बाद मामला शांत होने के बजाय और बिगड़ गया। आरोप है कि बदमाशों ने शुभम का पीछा करना शुरू कर दिया।

जान बचाकर भगा……
बताया जा रहा है कि शुभम अपनी जान बचाने के लिए धर्मशाला रोड स्थित अपने घर की ओर भाग रहे थे। इसी दौरान पीछा कर रहे बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। अचानक गोली चलने की आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। लोग इधर-उधर भागने लगे और कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, शुभम किसी तरह सुरक्षित स्थान तक पहुंचने में सफल रहे।
मामूली विवाद उसके बाद ……
शुभम जिस शैक्षणिक संस्थान में अध्ययन करते हैं, उसके संचालक उज्ज्वल कुमार ठाकुर ने बताया कि विवाद की शुरुआत बेहद मामूली बात से हुई थी, लेकिन देखते ही देखते स्थिति गंभीर हो गई। उन्होंने कहा कि समय रहते शुभम सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए, अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी।
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV खंगाल रही टीम……
फायरिंग की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को खंगाल रही है। साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि फायरिंग करने वाले आरोपियों की पहचान हो सके। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ शुरू कर दी है. फिलहाल घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामूली बाइक विवाद के बाद हुई इस फायरिंग ने एक बार फिर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।