जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल में ब्रेन मलेरिया से पीड़ित छह वर्षीय एक और बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान सरायकेला जिले के गोपालपुर निवासी राहुल जामूदा के रूप में हुई है। वह पिछले सात दिनों से अस्पताल की पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीआईसीयू) में भर्ती था। हालत गंभीर होने के कारण उसे वेंटिलेटर पर रखकर इलाज किया जा रहा था। मंगलवार को उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
21 अक्टूबर से वेंटिलेटर पर था बच्चा……
एमजीएम अस्पताल के शिशु रोग विभागाध्यक्ष डॉ. केके चौधरी ने बताया कि राहुल ब्रेन मलेरिया से पीड़ित था। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए 21 अक्टूबर से ही उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था। चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही थी और उसे बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे थे। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
तेज बुखार, सिरदर्द और उल्टी की थी शिकायत…….
परिजनों के अनुसार, राहुल को तेज बुखार, सिरदर्द, उल्टी समेत कई अन्य परेशानियां थीं। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने आवश्यक जांच कराई, जिसमें ब्रेन मलेरिया की पुष्टि हुई। बीमारी की गंभीरता को देखते हुए उसे तत्काल पीआईसीयू में भर्ती कर वेंटिलेटर पर रखा गया। शिशु रोग विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक लगातार उसके उपचार में जुटे रहे, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ. छोटी उम्र में बच्चे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अस्पताल में इलाज के दौरान हुई इस घटना के बाद परिजनों में शोक व्याप्त है।


