□ कमरे से तीन प्रेमी युगल पकड़े गए, एक जोड़ा फरार।
□ पुलिस ने घंटों मशक्कत के बाद मामला कराया शांत
जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत डिमना लेक से सटे गेरेया गांव स्थित एक रिसॉर्ट में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब देह व्यापार संचालित होने के संदेह में गांव के सैकड़ों महिला-पुरुष रिसॉर्ट में घुस गये और जमकर हंगामा किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने रिसॉर्ट के मैनेजर संतोष गिरी की पिटाई भी कर दी।



जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने रिसॉर्ट के अलग-अलग कमरों से तीन प्रेमी युगलों को पकड़ लिया, जबकि एक प्रेमी जोड़ा मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद पकड़े गये युवक-युवतियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
बोड़ाम थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गयी है। हिरासत में लिये गये युवक-युवतियों से पूछताछ के बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
रिसॉर्ट बंद कराने की मांग पर अड़े ग्रामीण…..
घटना के दौरान ग्रामीण रिसॉर्ट मालिक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गये। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक मालिक नहीं आयेगा, तब तक हंगामा जारी रहेगा। लोगों ने रिसॉर्ट को स्थायी रूप से बंद कराने की मांग भी उठायी।
बताया जाता है कि हंगामे के दौरान ग्रामीणों ने रिसॉर्ट के मैनेजर को काफी देर तक अपने कब्जे में रखा। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से उसे छुड़ाया गया। मैनेजर संतोष गिरी ने बताया कि रिसॉर्ट के मालिक धनबाद में रहते हैं। उन्होंने कहा कि एक ही परिसर में पतंजलि चिकित्सा केंद्र और रिसॉर्ट संचालित है, जहां शहर के विभिन्न इलाकों से लोग आते-जाते रहते हैं।
छह महीने से थी ग्रामीणों की नजर…..
गेरेया गांव निवासी गोकेल बारी ने बताया कि पिछले करीब छह महीनों से रिसॉर्ट में बड़ी-बड़ी गाड़ियों का लगातार आना-जाना हो रहा था। इससे ग्रामीणों को शक था कि यहां अनैतिक गतिविधियां चल रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इससे गांव का माहौल खराब हो रहा था।
इसी संदेह के आधार पर रविवार को ग्रामीणों ने एकजुट होकर रिसॉर्ट पर धावा बोल दिया। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि पूर्व में भी इसी जगह दूसरे नाम से रिसॉर्ट चलता था, जहां इसी तरह की गतिविधियों की शिकायतें मिलती थीं। कई बार शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
