जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा गोविंदपुर स्थित सुभाषनगर (राजेंद्र पथ) में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने सूने घर का फायदा उठाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. जानकारी के अनुसार, सुभाषनगर निवासी शिवशंकर दास अपने पूरे परिवार के साथ बड़े भाई के क्रिया-कर्म में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान 11 मई की रात चोरों ने उनके घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आराम से पूरे घर को खंगाल डाला।



अलमारी तोड़कर नगदी और जेवरात उड़ाए…..
पीड़ित परिवार के मुताबिक चोरों ने घर के कमरों और अलमारी को निशाना बनाते हुए करीब तीन लाख रुपये नगद तथा तीन से चार लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। इसके अलावा घर में रखे जरूरी दस्तावेज, एलपीजी गैस सिलेंडर और पीतल के कीमती बर्तन भी अपने साथ ले गए. परिवार का अनुमान है कि चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 9 से 10 लाख रुपये के बीच है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के होश उड़ गए।
परसूडीह थाना में शिकायत दर्ज…..
घटना के बाद शिवशंकर दास ने परसूडीह थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर चोरी गए सामान की बरामदगी और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इलाके में बढ़ी चिंता……
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत और नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने रात में पुलिस गश्ती बढ़ाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।



