जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा स्थित धर्माबांधा में मंगलवार देर रात घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पति द्वारा किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. मृतका की पहचान गीता मंडल (40) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति बापी मंडल बताया गया है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर बापी मंडल ने कथित तौर पर खलबट्टे से गीता के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।



घटना की सूचना मिलने पर एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बापी मंडल डिमना रोड क्षेत्र में होटल का संचालन करता है। बताया जाता है कि बापी और गीता दोनों की यह दूसरी शादी थी। बापी के दो बच्चे हैं, जबकि गीता भी अपने पूर्व पति से अलग रह रही थी।
पुलिस को दिए गए बयान में बापी मंडल ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से गीता की बारीडीह निवासी एक युवक से फोन पर बातचीत को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इस मुद्दे को लेकर पहले भी कई बार कहासुनी हुई थी और मामला उलीडीह थाना तक पहुंचा था, जहां समझौता करा दिया गया था. बताया जाता है कि मंगलवार रात इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। आरोप है कि आवेश में आकर बापी मंडल ने खलबट्टे से गीता के सिर पर वार कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



