चाईबासा : झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा को रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार से चाईबासा मंडल कारा स्थानांतरित किया जाएगा। इसे लेकर जेल आईजी कार्यालय की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। जेल प्रशासन ने सुरक्षा एवं प्रशासनिक कारणों से यह निर्णय लिया है।



रिया सिन्हा फिलहाल रांची जेल में न्यायिक हिरासत में बंद है। उस पर कुख्यात अपराधी प्रिंस खान गिरोह के साथ मिलकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने तथा हथियार तस्करी में संलिप्त रहने के आरोप हैं। कुछ माह पूर्व रांची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था।
जेल आईजी सुदर्शन मंडल ने रिया सिन्हा को चाईबासा जेल स्थानांतरित किए जाने की पुष्टि की है। अधिकारियों के अनुसार, स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही उसे चाईबासा मंडल कारा भेज दिया जाएगा।
प्रिंस खान गिरोह से मिलीभगत के आरोप……
जांच एजेंसियों के अनुसार, रिया सिन्हा की भूमिका गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के जेल जाने के बाद गिरोह की गतिविधियों में महत्वपूर्ण मानी जाती रही है। अक्टूबर 2025 में प्रिंस खान गिरोह से जुड़े कुछ अपराधियों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को ऐसे इनपुट मिले थे कि सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान गिरोह के बीच समन्वय स्थापित करने का कार्य रिया सिन्हा कर रही थी। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए उसे गिरफ्तार किया था।
साहिबगंज जेल में बंद है सुजीत सिन्हा……
रिया सिन्हा का पति सुजीत सिन्हा झारखंड के कुख्यात अपराधियों में गिना जाता है। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, धमकी और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े दर्जनों मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वर्तमान में वह साहिबगंज जेल में बंद है। पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियां उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. फिलहाल रिया सिन्हा के स्थानांतरण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही उसे चाईबासा मंडल कारा भेजा जाएगा।



