जमशेदपुर : अपर श्रमायुक्त कार्यालय, जमशेदपुर के अधीन श्रम अधीक्षक, जमशेदपुर-2 ने टिमकेन इंडिया लिमिटेड प्रबंधन को नोटिस जारी कर कामगार राम कुमार के बकाया अंतिम देयों के भुगतान का निर्देश दिया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राम कुमार को बिना सूचना कार्य से हटा दिया गया तथा उनके अंतिम देयों का भुगतान भी नहीं किया गया।

श्रम विभाग की ओर से जारी पत्र के अनुसार मामले की सुनवाई के लिए 19 जनवरी, 5 फरवरी और 26 फरवरी 2026 की तिथियां निर्धारित की गई थीं, लेकिन संबंधित पक्ष की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई। इसके कारण कामगार के बकाया भुगतान का मामला लंबित रहा।
श्रम अधीक्षक ने प्रबंधन को निर्देश दिया है कि कामगार द्वारा दावा की गई 6.70 लाख रुपये की बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कहा गया है कि भुगतान की गई राशि का समायोजन संवेदक के विपत्रों से किया जा सकता है। विभाग ने अगली सुनवाई से पहले बैंक खाते के माध्यम से भुगतान कर इसकी जानकारी उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया है।

