जमशेदपुर : गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे एलडी-2 गोलचक्कर सिग्नल के समीप एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। घटना उस समय हुई जब एक बस करीब 20 कर्मचारियों को छोड़ने के बाद CRM राउंडअबाउट की ओर मुड़ रही थी। इसी दौरान एलडी-3 आईईएम विभाग के कर्मचारी एम.वी.आर.के. प्रसाद अपनी बाइक से कथित रूप से गलत दिशा से उसी मोड़ पर पहुंच गए।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोड़ पर ब्लाइंड स्पॉट होने के कारण बस चालक बाइक सवार को समय रहते देख नहीं पाया। स्थिति गंभीर होती देख बाइक सवार कर्मचारी ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल बाइक से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि बाइक बस के नीचे फंस गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में कर्मचारी के पैर में चोट आई है। घटना के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए ईस्ट प्लांट फर्स्ट एड सेंटर भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कर्मचारी समय रहते बाइक से नहीं कूदते तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल मामले को लेकर विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।



